फतेहपुर में सुमित सिंह नाम के व्यक्ति पर गंभीर ठगी के आरोप लगे हैं. आरोप है कि उसने नौकरी दिलाने, बहन की शादी कराने, जमीन के सौदे और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े एक मामले में मदद करने के नाम पर पीड़ितों से लाखों रुपये वसूले. इसके अलावा सुमित सिंह पर यह भी आरोप है कि उसने अपने परिवार के सदस्यों के फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाए और उनके नाम पर फर्जी तरीके से दिव्यांग पेंशन स्वीकृत करवाई. जांच में सामने आया है कि इस तरह परिवार ने करीब 2.40 लाख रुपये का सरकारी लाभ लिया. मामला सामने आने के बाद संबंधित विभाग ने रिकवरी नोटिस जारी कर दिया है, जिसके तहत गलत तरीके से लिए गए पैसे की वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई है. वहीं शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस मामले में आरोपी सुमित सिंह की गिरफ्तारी नहीं कर रही है, जिससे पीड़ितों में नाराजगी है.