उत्तर प्रदेश में नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहारों से पहले बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक एक विशेष अभियान चलाएगी. इस अभियान के तहत क्षेत्रों में खराब पड़े बिजली के तारों, उपकरणों और ट्रांसफॉर्मरों की मरम्मत की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली कटौती की समस्या से लोगों को राहत मिल सके. इसके अलावा बिजली लाइनों के पास आ चुकी पेड़ों की डालियों की कटाई भी की जाएगी, जो अक्सर बारिश या तेज हवाओं के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित करने का कारण बनती हैं. सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारी सीजन के दौरान प्रदेशभर में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनी रहे.